अहमदाबाद में साहित्य प्रेमियों और पुस्तक पाठकों के लिए एक भव्य आयोजन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 24 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक साबरमती रिवरफ्रंट इवेंट सेंटर में आयोजित होने वाले अहमदाबाद इंटरनेशनल बुक फेस्टिवल में 700 से अधिक स्टॉल सजाए गए हैं। नौ दिनों तक चलने वाले इस पुस्तक महोत्सव में देश-विदेश के प्रकाशक, प्रसिद्ध लेखक, साहित्यकार और पुस्तक प्रेमी एक मंच पर नजर आएंगे। यहां हिंदी, गुजराती, अंग्रेजी सहित विभिन्न भाषाओं की हजारों पुस्तकें पाठकों के आकर्षण का केंद्र बनेंगी। पुस्तकों के साथ-साथ कविता, गजल, लोकसंगीत, नाट्य प्रस्तुतियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी इस आयोजन की शोभा बढ़ाएंगे। यह महोत्सव न केवल पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देगा, बल्कि अहमदाबाद को साहित्य और सांस्कृतिक गतिविधियों के एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में नई पहचान भी दिलाएगा।
अहमदाबाद इंटरनेशनल बुक फेस्टिवल शनिवार से आरंभ होगा। नेशनल बुक ट्रस्ट (एनबीटी) और अहमदाबाद महानगरपालिका (मनपा) के संयुक्त तत्वावधान में एक नवंबर तक चलेगा। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल इस फेस्टिवल का उदघाटन करेंगे, जबकि दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधु विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
मनपा आयुक्त बंछानिधि पाणि ने गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि पुस्तक महोत्सव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पिछले आयोजन में जहां 325 पुस्तक स्टॉल्स लगाए गए थे, वहीं इस वर्ष उनकी संख्या बढ़ाकर 700 से अधिक कर दी गई है। इसी प्रकार प्रकाशकों की संख्या भी 75 से बढ़कर 125 से अधिक हो गई है। रूपा, पेंगुइन और वीणा सहित देश के अनेक प्रतिष्ठित प्रकाशन संस्थान महोत्सव में भाग लेंगे।
उनके अनुसार महोत्सव में बच्चों की रचनात्मकता और बौद्धिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। डोम-1 में आर्ट एंड क्राफ्ट फेस्टिवल, पजल्स, लेगो गतिविधियां और स्टेम आधारित कार्यशालाएं होंगी। इसके अलावा बच्चों और युवाओं के लिए कई रोचक एवं सहभागितापूर्ण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
डोम-2 में ‘ज्ञान गंगा’ लेखन कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश के प्रख्यात लेखक, शिक्षाविद और बुद्धिजीवी साहित्य, समाज और समसामयिक विषयों पर विचार साझा करेंगे। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में पठन-पाठन और लेखन संस्कृति को बढ़ावा देना है।
इस बार राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) के सहयोग से हस्तकला एवं टेक्सटाइल प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देशभर के 100 से अधिक कारीगर अपनी पारंपरिक हस्तकलाओं और स्वदेशी वस्त्र उत्पादों का प्रदर्शन करेंगे। साथ ही वेस्ट मटेरियल से मूर्तिकला निर्माण कार्यशाला और स्टार्टअप्स के लिए इनोवेशन विंग भी स्थापित किया जाएगा।